मोरनी। ब्लॉक की कोटी पंचायत के चकाह गांव में मंगलवार को करंट से एक गाय की मौत हो गई। गाय के मालिक देवेंद्र सिंह ने बिजली निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गांव के पास लगे बिजली के खंभे में अक्सर करंट उतरता रहता है, जिसकी शिकायत उन्होंने कई बार बिजली निगम के कार्यालय में की, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
देवेंद्र सिंह ने कहा कि लापरवाही का खामियाजा उन्हें अपनी गाय के नुकसान के रूप में भुगतना पड़ा। ग्रामीणों ने भी बिजली निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि खंभों में करंट उतरने की समस्या के कारण कई बार बच्चे भी खेलते समय करंट का शिकार हो चुके हैं। ग्रामीणों ने इस घटना के विरोध में नाराजगी जताई और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।