पंचकूला। इंदिरा कॉलोनी के लोगों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश है। लोगों का कहना है कि 29 सितंबर को बिजली बिल जमा करने की आखिरी तारीख है लेकिन विभाग ने अंतिम तिथि से एक दिन पहले बिल दिए हैं, वह भी दोपहर बाद। बिल देखकर लोग परेशान हैं।
यहां करीब ढाई हजार से अधिक लोगोें के घरों में बिजली कनेक्शन हैं। लोगों ने बिजली निगम पर नाराजगी जताते हुए कहा किकॉलोनी में अधिकतर लोग दिहाड़ी मजदूरी कर गुजारा कर रहे हैं। अब एक दिन में हजारों रुपये का प्रबंध कैसे करें। बिजली निगम के अधिकारियों की लापरवाही के चलते हजारों लोग बिल भरने से वंचित रह जाएंगे। जो लोग समय पर रुपये का इंतजाम नहीं कर सके उन्हें जुर्माना भरना पड़ेगा। क्या कहते हैं लोग
एक दिन में कैसे जमा करेंगे बिल
बिजली बिल जमा करने की आखिरी तारीख 29 सितंबर है। 28 सितंबर को बिजली का बिल बांटे गए हैं। जो लोग काम पर गए हैं या घर पर नहीं है, उन तक बिल पहुंच भी नहीं पाएंगे। ऐसे में एक दिन बाद बिल जमा करना कैसे संभव है? - बनवारी लाल, निवासी इंदिरा कॉलोनी
बिल न भरा तो कनेक्शन कट जाएगा
इंदिरा कॉलोनी में अधिकतर लोग दिहाड़ी मजदूरी करके अपना घर चला रहे हैं। हर दिन पैसा नहीं रहता है। बिजली विभाग बिल जमा करने की आखिरी तारीख से एक दिन पहले बिल भेजता है। जो बिल नहीं भरता, उनका कनेक्शन काट दिया जाता है। इसमें ग्राहकों का कसूर क्या है? -चक्रधर
विभाग की बड़ी लापरवाही
17 सितंबर को बिल जारी किए गए हैं। बिजली उपभोक्ता तक 11 दिन बाद बिल पहुंच रहा है। यह विभाग की बड़ी लापरवाही है। - अमरनाथ
गरीब उपभोक्ताओं के साथ ज्यादती
बिजली विभाग गरीब उपभोक्ताओं के साथ ज्यादती कर रहा है। उसको कम से कम एक सप्ताह पहले बिजली बिल भेजने चाहिए। ताकि गरीब आदमी पैसे का जुगाड़ कर अंतिम तिथि तक अपने बिजली बिल का भुगतान कर सके। - रामानंद
कोट
जिस डेट में बिल इशू होते हैं उसी दिन बिजली उपभोक्ताओं को मैसेज पहुंच जाता है। इस बार बिल प्रिंट होने में देरी हुई है। अगली बार से समय से बिजली बिल ग्राहकों के पास पहुंचा दिए जाएंगे। - संजय, एसडीएओ बिजली विभाग पंचकूला