गूगल से कस्टमर केयर नंबर तलाशना पड़ा भारी, ठगों ने एप डाउनलोड करवाकर खाते से तीन बार में निकाले 50, 40 और 10 हजार रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-6 निवासी 75 वर्षीय सेवानिवृत्त महिला को टीवी पर जी5 चैनल ठीक कराने के लिए गूगल से कस्टमर केयर नंबर तलाशना भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर महिला से अलग-अलग एप डाउनलोड करवाईं और कुछ ही देर बाद उनके खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। महिला ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एप डाउनलोड करवाई, बैंक बैलेंस भी चेक कराया
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 22 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे महिला के घर की एलईडी पर जी5 चैनल ठीक से नहीं चल रहा था। उन्होंने पहले एयरटेल कस्टमर केयर पर संपर्क किया। वहां से जी5 कस्टमर केयर से बात करने की सलाह मिलने पर महिला ने गूगल से एक नंबर तलाशकर कॉल कर दी।
दूसरी तरफ मौजूद व्यक्ति ने चैनल की समस्या दूर करने के नाम पर महिला से जी5 एप अनइंस्टॉल करवाकर दोबारा इंस्टॉल करवाई। इसके बाद बिलडेस्क नाम की एक अन्य एप भी डाउनलोड करवाई गई। आरोपी ने महिला को दूसरे मोबाइल नंबर पर कॉल करने के लिए कहा।
100 रुपये का भुगतान कराने का प्रयास
दूसरे नंबर पर बात करने वाले आरोपी ने जी5 एप के जरिए 100 रुपये का भुगतान करने को कहा। महिला ने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उन्हें बैंक बैलेंस चेक करने के लिए कहा। कुछ देर बाद महिला ने टीवी चेक किया, लेकिन चैनल फिर भी नहीं चल रहा था। आरोपी ने कुछ देर इंतजार करने की बात कहकर फोन काट दिया। करीब एक घंटे बाद महिला ने एयरटेल वाई-फाई का रिचार्ज करने के लिए फोनपे से भुगतान करना चाहा, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। उन्होंने बैंक बैलेंस चेक किया तो खाते से एक लाख रुपये कम मिले।
तीन लेनदेन में निकले एक लाख रुपये
बैंक खाते की जांच करने पर महिला को पता चला कि फोनपे के जरिए तीन अलग-अलग लेनदेन हुए हैं। इनमें 50 हजार, 40 हजार और 10 हजार रुपये निकाले गए। ठगी का पता चलते ही महिला ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। साइबर थाना पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही ठगी की रकम वापस दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।