पंचकूला। सेक्टर-7 निवासी एक 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर 17 लाख 50 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। बुजुर्ग महिला की शिकायत पर सेक्टर-20 साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग को व्हाट्स एप कॉल कर बताया गया कि उनके आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल बड़े स्तर के वित्तीय घोटाले में हुआ है और वह जांच के दायरे में है। आरोपियों ने महिला को डराया कि अगर वह कॉल काटेगी या सहयोग नहीं करेगी तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद फर्जी अधिकारियों से बातचीत कराई गई और करोड़ों रुपये के चीट फंड घोटाले की कहानी सुनाकर दबाव बनाया गया। इस दौरान महिला से उनके बैंक खातों और जमा राशि की जानकारी ली गई। डर और मानसिक दबाव में आकर महिला ने अपने बैंक खातों से 14.50 लाख रुपये और बाद में 3 लाख रुपये अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद जब महिला को पूरे घटनाक्रम पर संदेह हुआ तो उसे साइबर ठगी का अहसास हुआ। महिला ने मामले की शिकायत साइबर पोर्टल पर दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस डिजिटल ट्रांजैक्शन और बैंक खातों की जांच कर रही है तथा आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।