जेपी नड्डा से मिले दुष्यंत चौटाला।
हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। सीएम मनोहर लाल के बाद दुष्यंत की नड्डा के साथ हुई इस बैठक के अनेक मायने निकाले जा रहे हैं। इससे गठबंधन सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं तेज हो गई हैं। दुष्यंत ने मुलाकात के दौरान किसान आंदोलन समेत अनेक मुद्दों पर चर्चा की।
जजपा अपने कोटे के मंत्री का नाम तय कर सीएम मनोहर लाल को पहले ही सौंप चुकी है। अब भाजपा को अपने कोटे के मंत्री का नाम तय करना है। सूत्रों के अनुसार दुष्यंत ने नड्डा से इस बारे में और बोर्ड-निगमों में चेयरमैन की नियुक्तियों को लेकर भी बातचीत की है।
उन्होंने किसान आंदोलन से उपजे हालात से भी नड्डा को अवगत करवाया है। प्रदेश में किसान जगह-जगह सरकारी कार्यक्रमों का विरोध कर रहे हैं, जिससे सरकार के लिए स्थिति असहज हो रही है। उन्होंने नड्डा से किसान आंदोलनकारियों से बातचीत कर मामले को सुलझाने का भी आग्रह किया है। साथ ही सरकार के अब तक के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड भी सौंपा।
धनखड़ ने भाजपा प्रवक्ताओं की ली बैठक
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ ने सोमवार को भाजपा प्रवक्ताओं से बैठक की। इसमें उन्होंने किसान आंदोलन पर अनेक मंच पर होने वाली बहस में सरकार का पक्ष मजबूती से रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सरकार के जनहित में किये कामों व उपलब्धियों का भी बखान करें।