बरवाला-अंबाला मार्ग पर नयागांव के पास सफेदे का पेड़ टूटकर बिजली की तार पर लटक गया।
- फोटो : PKL OFFICE
बरवाला। कस्बा बरवाला और आसपास के क्षेत्रों में कई दिनों से खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण सड़कों पर आए दिन अचानक पेड़ गिर रहे हैं। ये पेड़ सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों के लिए दुर्घटनाओं का कारण भी बन रहे हैं। ऐसा ही एक मामला वीरवार शाम को बूंदाबांदी और तेज हवाओं के कारण बरवाला-अंबाला मार्ग पर नया गांव के पास हुआ। एक पेड़ टूटकर बिजली की तारों पर अटक गया। उस समय सड़क से एक कार और मोटरसाइकिल गुजर रही थी। अगर यह पेड़ बिजली की तार पर नहीं अटकता तो कार में सवार लोगों और बाइक चालक हादसे का शिकार हो सकते थे। इतना ही नहीं वीरवार रात से शुक्रवार दोपहर तक यह पेड़ बिजली की तारों पर लटका हुआ था। इससे रात के अंधेरे में भी कई वाहन चालक इस पेड़ की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। वहीं आंधी और बारिश आने पर बार-बार पेड़ गिरने से बिजली व्यवस्था भी घंटों ठप रही। इससे बिजली की तारों को ठीक करने में निगम के कर्मचारी भी परेशान रहे।