बरवाला। गांव टोडा में नाले व नालियों की सफाई व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी गलियों में बह रहा है। इसके चलते गलियों से आवाजाही करते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। ग्रामीण गगनदीप, हुकुमचंद, करनैल सिंह, आर्यन सहित अन्य ने बताया कि खंड विकास एवं पंचायत विभाग व ग्राम पंचायत की ओर से गांव में जो सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं वे समय पर गांव के नाले व नालियों की सफाई नहीं कर रहे हैं। अनदेखी के चलते नाले व नालियां गंदगी से भरी पड़ी है। गंदा पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में बह रहा है। जब भी ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को नाले-नालियों की सफाई करने के लिए बोलते हैं तो वह उसे अनसुना कर देते हैं। सफाई व्यवस्था के अभाव के चलते मक्खी-मच्छरों की भरमार भी पैदा हो रही है जिससे बीमारियां फैलने का भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने विभाग के उच्च अधिकारियों से गांव में सफाई कर्मचारियों को सख्त निर्देश देकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाने की मांग की है ताकि लोग स्वच्छ वातावरण में जीवन व्यतीत कर सके।