संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। शराब के नशे में धुत पिता ने चाकू के वार से मासूम बेटी को जख्मी कर दिया। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, वहां से उसको पीजीआई रेफर कर दिया है। पुलिस मामला दर्ज का जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में दीपिका ने बताया कि वह यूपी की रहने वाली है। पपलोहा के एक ईंट भट्टा पर अपने पति के साथ काम करती है। उसका पति कल्लू शराब पीने का आदि है। शराब पीकर उसके साथ लड़ाई-झगड़ा करता है। वीरवार रात्रि करीब साढ़े 10 बजे कल्लू शराब के नशे में झुग्गी में आया। उसके साथ झगड़ा करने लगा।
उसकी बड़ी बेटी परी डरकर उसके साथ चिपक गई। इस बीच कल्लू ने झुग्गी में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठा लिया और उसे मरने लगा। चाकू उसे न लगकर उसकी बेटी परी के पेट में बांई तरफ जा लगा। इसके बाद उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। इस दौरान कल्लू मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में पड़ोसियों ने उसकी लड़की को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल कालका पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसको पीजीआई रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।