संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। टगरा हकीमपुर स्थित एक मकान में 60 वर्षीय वृद्धा की नुकीले हथियार से वार कर हत्या कर दी है। वृद्धा अपनी बहु और तीन पोते-पोतियों के साथ रहती थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खून से लथपथ शव को एसडीएच कालका पहुंचाया। महिला की शिनाख्त गीता देवी के रूप में हुई है। एसीपी कालका जोगिन्द्र शर्मा, एसएचओ हरीराम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। सीन ऑफ क्राइम की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। हादसे के बाद उसकी बड़ी पोती एक्टिवा समेत गायब है। पुलिस के अनुसार सृष्टि का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।
जानकारी के अनुसार गीता देवी के पति कविशरण की करीब तीन साल पहले मौत हो गई है। वह अपनी बहू शिवानी सहित दो पोतियों और एक पोते के साथ रहती थी। गीता देवी के पुत्र शिव कुमार का करीब चार माह पहले ही देहांत हो गया है। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे गीता देवी की छोटी पोती स्कूल से जैसे ही घर पहुंची तो उसने देखा कि उसकी दादी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी है। उसके कमरे का सामान भी बिखरा पड़ा था। इसकी सूचना उसने घर के पास रह रहे अपने रिश्तेदारों को दी। आनन-फानन में की जानकारी पुलिस को दी गई। उधर घटना की सूचना मिलने पर गांव के लोग भारी संख्या में टगरा हकिमपुर चौक पर एकत्रित हो गए।
गीता देवी के शरीर पर किसी नुकीले हथियार से वार किए गए हैं। पुलिस के अनुसार मृतका की गर्दन, उसके आसपास और कमर पर चोट के निशान हैं। घर के फर्श पर भी खून फैला हुआ था। घटना के बाद से मृतका की बड़ी पोती सृष्टि एक्टिवा समेत गायब है। पुलिस के अनुसार सृष्टि का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पुलिस घटना की सभी पहलुओं से बारीकी से जांच कर रही है। इसके साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।
डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी की टगरा हकीमपुर में एक महिला का मर्डर हो गया है। सूचना मिलने के बाद ही वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे ओर जांच में जुट गए। सीन आफ क्राइम टीम सहित अन्य जांच एजेंसियां भी मौके पर पहुंचीं। मर्डर किसने किया है इसकी जांच की जा रही है। परिवार से पूछताछ की जा रही है। -हरीराम, एसएचओ कालका थाना