पंचकूला। मोरनी क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस के साथ गाली-गलौज और हाथापाई करने का मामला सामने आया है। 24 मई की रात करीब 11 बजे के इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि पुलिस की टीम के साथ शराब के नशे में धुत युवकों ने गाली-गलौज करने के साथ वर्दी पर हाथ डालने की कोशिश की। इस पर दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। मोरनी चौकी इंचार्ज एसआई हरेंद्र कुमार की शिकायत पर चंडीमंदिर थाने में आरोपियों में राजू कुमार, नीरज धीमान, ब्रज मोहन, काला, दीपक कुमार, विकास शर्मा, हिमांशु समेत अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
चौकी इंचार्ज ने शिकायत में बताया कि गश्त के दौरान टिक्करताल रोड पर गांव बालग मोड़ के पास पुलिस टीम को तीन मोटरसाइकिलें सड़क किनारे खड़ी मिलीं। जब टीम ने जांच की तो देखा कि कुछ युवक खुले में शराब पी रहे हैं। पुलिस ने जब उन्हें टोका और वहां से जाने को कहा, तो युवकों ने बहस की और खुद को स्थानीय निवासी बताते हुए मौके से चले गए।
इसके बाद रात करीब 11 बजे जब पुलिस टीम चौकी में लौटी तो चौकी के बाहर वही युवक करीब 15-20 अन्य लड़कों के साथ इकट्ठा होकर पुलिस पर सवाल उठाने लगे। उन्होंने पुलिस पर शराब पीने से रोकने को लेकर नाराजगी जताई और नारेबाजी व हुल्लड़ मचाया। पुलिस टीम जब उन्हें समझाने उतरी, तो युवकों ने सरकारी वाहन को घेर लिया और टीम के सदस्यों के साथ हाथापाई शुरू कर दी।