संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। जिले में दिवाली और बंदी छोड़ दिवस के मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोगा पुलिस पूरी तरह से चौकस रही। पुलिस द्वारा शहर के अंदर और बाहरी इलाकों में गश्त को तेज कर दी गई है। जिससे लोग त्योहार को शांति और खुशी से बिना किसी भय के मना सकें।
थाना सिटी-1 के इंचार्ज एसआई वरुण कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ ढलके और लोहारा चौक के नजदीक गश्त कर रहे थे। उसी समय एक सफेद एक्टिवा सवार युवक पुलिस को देखकर एक्टिवा छोड़कर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे काबू कर लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान साहिब सिंह पुत्र मुख्तियार सिंह निवासी जिला फिरोजपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी देते हुए डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मोगा पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है जिससे जिले को नशामुक्त बनाया जा सके।