रायपुररानी। जिले के गांवों को लाल डोरा से मुक्त करने की कार्रवाई के पहले चरण के अनुसार ड्रोन मैपिंग से निशानदेही का कार्य करवाया गया। निशानदेही अधिकारी जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी कंवर दमन सिंह ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार जिला के गांव टाबर, सरकपुर, हरिपुर, खेड़ी व बड़ौनाकला का प्रथम चरण में चयन किया गया है। इन गांव में लाल डोरा देह आबादी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को उनका मालिकाना हक प्रदान करने के लिए ड्रोन मैपिंग का कार्य किया गया।
इसके बाद ग्राम सभा की बैठकों में उनका मालिकाना हक का प्रस्ताव पास कर रजिस्ट्री प्रदान करने का कार्य कर किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि अब तक प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में लाल डोरा क्षेत्र में रहने वाले लोगों के पास मालिकाना हक के लिए रजिस्ट्री नहीं होती थी। अब सरकार ने इस लाल डोरा क्षेत्र को खत्म कर के रजिस्ट्री मुहैया करवाने का कार्य शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में इन पांच गांव को लाल डोरा मुक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है जिसमें संबंधित गांवों के सरपंच, ग्राम पंचायत सदस्य व ग्रामीण भी मौजूद रहे।