चंडीगढ़ से गुजरात ले जाई जा रही थी शराब की खेप, पुलिस सप्लाई नेटवर्क और मुख्य आरोपियों तक पहुंचने में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। चंडीगढ़ से गुजरात ले जाई जा रही 564 पेटी शराब बरामदगी के मामले में क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार आरोपी चालक राकेश कुमार निवासी सोनीपत को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान शराब की सप्लाई के पीछे जुड़े मुख्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास करेगी।
पुलिस जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब वाहन में किसने लोड करवाई थी और इसे गुजरात में किस व्यक्ति या ठिकाने पर पहुंचाया जाना था। इसके अलावा शराब की खेप के लिए वाहन की व्यवस्था किसने की थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय थे, इसकी भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी चालक से पूछताछ के आधार पर शराब की सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान हो सकती है। रिमांड के दौरान चालक के संपर्कों, मोबाइल फोन और शराब की खेप से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इससे पहले इसी नेटवर्क के जरिए शराब की अन्य खेप गुजरात भेजी गई थीं या नहीं। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी संभव है।