पंचकूला। पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग में नियुक्ति के लिए पिछले 9 दिन से लगातार अनशन पर बैठे रहे। सहायक ड्राफ्ट्समैनों के अनिश्चितकालीन धरने का 18वां दिन था। भूख और कमजोरी का असर सबके चेहरे पर साफ दिख रहा था। सहायक ड्राफ्ट्समैन प्रदेशाध्यक्ष छत्रपाल ने बताया कि हमारे तीन साथी पहले ही अस्पताल में भर्ती हैं। चौथे साथी जयपाल तबीयत खराब होने के बाद सुबह बेहोश हो गए थे। धरने पर बैठे अन्य साथियों ने मिलकर उनके हाथ पैर मले तब जयपाल को होश आया। जब होश आया तो जयपाल को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए कहा गया लेकिन उन्होंने अस्पताल में जाने से मना कर दिया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ड्राफ्ट्समैन के साथ धक्का कर रही है। अगर आमरण अनशन में उनकी मौत हो जाए तो उनकेे शव को पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग के मुख्यालय के सामने ही जला देना। जयपाल की तीन अविवाहित बेटियां हैं।
छत्रपाल ने बताया कि विभाग ने हमारी नियुक्ति पर चाहे किसी भी तरह की रोक लगा रखी हो, अगर उसका हल कोई कंडीशन लगा के निकलता है तो हम सभी उसके लिए भी तैयार हैं। मौजूदा सरकार से हमें उम्मीद है कि हमारे परिवार का ख्याल रखते हुए जल्द ही वह कोई समाधान निकालेगी।