पंचकूला। चीफ पोस्ट मास्टर जनरल हरियाणा परिमंडल अंबाला रंजू प्रसाद ने कोविड-19 के मद्देनजर शुक्रवार को सेक्टर-20 के समीप गांव फतेहपुर में प्रवासी मजदूरों और अन्य जरूरतमंदों को मास्क, सैनिटाइजर और सूखा राशन वितरित किया। इससे पूर्व रंजू प्रसाद ने उप डाकघर एचएमटी पिंजौर में जाकर जरूरी सामान वितरित किया। इस मौके पर उन्होंने एचएमटी पिंजौर उप डाकघर के प्रांगण में नीम, पीपल, तुलसी, गुलमोहर, नींबू लगाया, जो ऑक्सीजन की मात्रा को भी बढ़ाते हैं और स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभदायक हैं।
उन्होंने दोनों उप डाकघरों का दौरा कर संबंधित कर्मचारियों को आम जनता को बेहतरीन सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम का आयोजन अरुण गोयल अधीक्षक डाकघर अंबाला मंडल की देखरेख में किया गया। उनके साथ संजीव कुमार उपमंडल निरीक्षक पंचकूला, मनोज कुमार मैनेजर बिजनेस पोस्ट सेंटर पंचकूला, राजेश मान, ईपीएम मेल सेक्टर-8 पंचकूला सहित डाक विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान मौजूद सभी व्यक्तियों द्वारा सामाजिक दूरी के नियमों का पालन किया गया।
चीफ पोस्ट मास्टर जनरल रंजू प्रसाद ने सभी उपस्थित लोगों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने व कोविड-19 के सभी दिशा निर्देशों की सख्ती से पालना करने के लिये जागरूक किया। साथ ही उन्होंने उपस्थित लोगों को डाक विभाग की विभिन्न बचत स्कीमों में निवेश करने से होने वाले लाभ की जानकारी दी। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों द्वारा कोविड-19 के कारण अपनी जान गंवा चुके डाक कर्मचारियों तथा आमजन के लिये दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।