चंडीगढ़। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग अब भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन (दस्तावेज सत्यापन) मेनुअली की बजाय ऑनलाइन करेगा। इसके लिए आयोग ने डेमो देख लिया है और इस पर सभी ने संतुष्टि जताई है। आने वाली सभी भर्तियों में इसी तकनीक का प्रयोग किया जाएगा। आयोग का दावा है कि इससे समय कम लगेगा और भर्ती प्रक्रिया में तेजी आएगी। खर्च भी कम होगा।
अब तक आयोग की ओर से की जाने वाली भर्तियों में काफी समय लगता है। पहले परीक्षा फिर परिणाम जारी किया जाता है। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन किए जाते हैं। हजारों आवेदकों के दस्तावेज जांच में काफी समय लग जाता था। इसके लिए अलग-अलग ग्रुप में आवेदकों को अलग-अलग दिन बुलाया जाता है। अब क्योंकि कोरोना महामारी चल रही है ऐसे में फिजिकली काम की बजाय ई-ऑफिस का ज्यादा उपयोग किया जा रहा है। दूसरी संभावित तीसरी लहर को देखते हुए तेजी से भर्ती करने के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने यह फैसला लिया है।
सीईटी पर फैसले के बाद जारी होंगी नई भर्तियां
आयोग ने जून की शुरुआत से ही लंबित पड़ी भर्तियों को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए कई पदों को लेकर परीक्षा का शेड्यूल भी जारी किया गया है। आयोग का कहना है कि आने वाले दिनों में करीब 50 हजार और पदों पर भर्तियां की जाएंगी। इनमें 22 हजार पद तो वो हैं,0 जिनके विज्ञापन पहले से ही जारी हो चुके हैं और शेष 25 हजार से अधिक की अलग-अलग विभागों की ओर से डिमांड आ चुकी है। अब क्योंकि प्रदेश सरकार की ओर से ग्रुप डी और सी के लिए कामन एंट्रेस टेस्ट की की शर्त लगा दी है। ऐसे में जो 22 हजार पदों को लेकर आवेदन मांगें जा चुके हैं, उन पर फैसला लिया जाना है इनके लिए सीईटी लागू करें या नहीं। इसके लिए मुख्य सचिव की ओर से एडवाइजरी जारी की जाएगी, इसके बाद इन पदों के लिए भी आवेदन मांगे जाएंगी। इसके अलावा, अब ग्राम सचिव व पटवारी की परीक्षा को लेकर भी जल्द शेड्यूल जारी होने की संभावना है।
शुरुआत में हमारी प्राथमिकता अन्य भर्तियों के मुकाबले स्वास्थ्य विभाग से जुड़े पदों को लेकर है। इसके लिए हमने योजनाएं बना ली हैं। लगातार परीक्षाओं और नौकरियों के लिए शेड्यूल जारी किए जा रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने को दस्तावेज सत्यापन के लिए मेनुअली की बजाए ऑनलाइन की जाएगी। इसके लिए डेमो देख लिया है। - भोपाल सिंह खदरी, चेयरमैन, एचएचएचसी।