स्किन, हड्डी और आंखों की दवाएं जनऔषधि केंद्र पर उपलब्ध नहीं
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल के जनऔषधि केंद्र में 280 जेनेरिक दवाएं उपलब्ध होने के दावों के बावजूद मरीजों को डॉक्टर बाहर की दवाएं लिख रहे हैं। इससे मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। खासकर त्वचा, हड्डी और आंखों से संबंधित दवाएं केंद्र पर उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को महंगी ब्रांडेड दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं।
अस्पताल में प्रतिदिन करीब चार हजार मरीज उपचार के लिए आते हैं। दोपहर तीन बजे के बाद जनऔषधि केंद्र बंद होने से भी मरीजों की परेशानी बढ़ जाती है और उन्हें बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ती हैं। कई ओपीडी में आवश्यक दवाएं न मिलने के कारण मरीज इधर-उधर भटकते नजर आते हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से दवाओं की मांग डॉक्टरों के माध्यम से पीएमओ कार्यालय को भेजी गई है, लेकिन आपूर्ति में कमी के चलते स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है।
हड्डी की दवा नहीं मिली
पैर में चोट और पीठ दर्द के लिए डॉक्टर ने दवा लिखी, लेकिन जनऔषधि केंद्र पर नहीं मिली। बाहर से दवा खरीदने पर करीब 500 रुपये खर्च करने पड़े।
-सुरेश कुमार, निवासी रायपुररानी
बॉक्स
स्किन की दवा बाहर से खरीदनी पड़ी
स्किन की दवा और लोशन करीब एक हजार रुपये में मिला। केंद्र पर सभी जरूरी दवाएं उपलब्ध नहीं हैं।
-राजेश कुमार, निवासी बरवाला
बॉक्स
ऑपरेशन के बाद भी दवा नहीं मिली
हड्डी के ऑपरेशन के बाद डॉक्टर ने बाहर की दवा लिखी। करीब एक हजार रुपये खर्च करने पड़े।
- छेदीलाल, निवासी खड़क मंगोली
कोट
हार्ट और मल्टीविटामिन की दवा नहीं मिली
हार्ट की दवाएं और मल्टीविटामिन बाहर से खरीदनी पड़ीं, जिस पर करीब 1500 रुपये खर्च हुए।
- गणेश, निवासी मोरनी
कोट
अस्पताल में आने वाले मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। जनऔषधि केंद्र में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए डॉक्टरों के साथ बैठक कर स्टॉक बढ़ाया जाएगा, ताकि मरीजों को बाहर से दवा न खरीदनी पड़े।
-आरएस चौहान, पीएमओ, सिविल अस्पताल सेक्टर-6