रजिस्ट्रेशन के बहाने मोबाइल हैक, तीन बैंक खातों से निकाली रकम
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-21 निवासी डॉक्टर दंपती से टेबल टेनिस अकादमी में रजिस्ट्रेशन के नाम पर 2 लाख 70 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने मोबाइल हैक कर अलग-अलग बैंक खातों से रकम निकाल ली। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार 11 जनवरी 2026 की शाम वह इंटरनेट पर पंचकूला में टेबल टेनिस अकादमी सर्च कर रहे थे। इसी दौरान मिले एक नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को अकादमी का प्रतिनिधि बताते हुए रजिस्ट्रेशन के लिए 10 रुपये जमा कराने को कहा। संदेह होने पर कॉल काट दी गई।
कुछ देर बाद दूसरे नंबर से कॉल कर ठगों ने बैंक खाता हैक होने का झांसा दिया और रकम वापस दिलाने के नाम पर फोन ऑनलाइन रखने तथा फोन पे एप खोलने को कहा। इसी दौरान आरोपियों ने अपनी यूपीआई आईडी जोड़कर एसबीआई खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए।
इसके बाद आरबीआई और सरकारी फंड से पैसे ट्रांसफर होने के फर्जी संदेश भेजकर भरोसा दिलाया गया। रकम वापस न आने पर दूसरा खाता देने को कहा गया। इसी क्रम में ठगों ने शिकायतकर्ता की पत्नी के खातों को भी निशाना बनाया और एसबीआई तथा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खातों से 90-90 हजार रुपये निकाल लिए।
इस प्रकार तीन अलग-अलग खातों से कुल 2 लाख 70 हजार रुपये की ठगी की गई। पीड़ित ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 और साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।