पंचकूला। सेक्टर-11 स्थित मानव मंगल स्कूल में आयोजित 31वीं पंचकूला जिला टेबल टेनिस चैंपियनशिप के दूसरे दिन खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। यूथ बॉयज अंडर-17 वर्ग में सक्षम सरदाना और अंडर-19 वर्ग में माधव ने खिताब अपने नाम किया। वहीं, वेटरन पुरुष 40+ वर्ग में अश्वनी वर्मा चैंपियन बने।
टेबल टेनिस एसोसिएशन डिस्ट्रिक्ट पंचकूला की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के अंडर-17 फाइनल में सक्षम सरदाना ने गुरनेक सिंह को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराया। पांच गेम तक चले मुकाबले में सक्षम ने 8-11, 11-5, 7-11, 14-12 और 11-6 से जीत दर्ज की। उन्होंने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
अंडर-19 वर्ग के फाइनल में माधव ने सक्षम को 3-1 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। माधव ने 11-6, 11-8, 7-11 और 11-8 से मुकाबला अपने नाम किया। इससे पहले सेमीफाइनल में माधव ने गुरनेक सिंह को सीधे गेमों में 3-0 से हराया, जबकि सक्षम ने हेमंक को 3-0 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई।
अश्वनी वर्मा ने सौरभ जैन को दी मात
वेटरन पुरुष 40+ वर्ग के फाइनल में अश्वनी वर्मा ने सौरभ जैन को 3-1 से हराकर खिताब जीता। अश्वनी ने 11-9, 8-11, 11-5 और 11-7 से मुकाबला अपने नाम किया। इससे पहले सेमीफाइनल में सौरभ जैन ने अमित गोयल को 3-1 से और अश्वनी वर्मा ने डीएन मैगो को 3-0 से हराया था। प्रतियोगिता का समापन 20 अक्तूबर को होगा। समापन समारोह में डॉ. मनजीत त्रेहन मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।