पंचकूला। सेक्टर-1 के लघु सचिवालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त सतपाल शर्मा ने की।
उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि पंचकूला में कोई भी ई-रिक्शा सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन नहीं करेगा। नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ स्थानों पर अंडर ऐज बच्चे ई-रिक्शा चला रहे हैं, जो दुर्घटना की आशंका बढ़ाता है। पुलिस और परिवहन विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर ई-रिक्शा संचालन को नियमबद्ध करने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह सक्रिय करने के आदेश
उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में सीसीटीवी कैमरों की भूमिका पर जोर दिया। नगर निगम को निर्देश दिए कि शहर में लगे 473 कैमरे पूरी तरह क्रियाशील हों। अधिकारियों ने बताया कि खराब कैमरों की मरम्मत के लिए टेंडर जारी किया गया है और इस माह सभी निष्क्रिय कैमरे ठीक कर दिए जाएंगे।
उन्होंने आगे सभी एजेंसियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण व मरम्मत के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। इसमें पीएमडीएम, शहरी स्थानीय निकाय, एचएसआईआईडीसी, कृषि विपणन बोर्ड, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी और एचएसवीपी शामिल हैं।
अवैध रेहड़ी-फड़ी हटाने और फुटपाथ सुधार
कमांड अस्पताल के सामने सड़क पर अवैध फल रेहड़ी-फड़ी से यातायात बाधित होने की शिकायत पर उपायुक्त ने पीएमडीए और पुलिस को संयुक्त अभियान चलाकर इन्हें हटाने के आदेश दिए। नगर निगम द्वारा बनाए गए फुटपाथों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी फुटपाथों पर स्वच्छता और सुगमता सुनिश्चित की जाए, ताकि पैदल चलने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।