चंडीगढ़। को-ऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ गवर्नमेंट एंड एमसी इंप्लाइज एंड वर्कर्स यूटी चंडीगढ़ का एक प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार को चंडीगढ़ के उपायुक्त निशांत कुमार यादव से मिला। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त के साथ बैठक कर डीसी रेट रिवाइज करने के बारे में चर्चा की। को-आर्डिनेशन कमेटी के महासचिव राकेश कुमार ने बताया कि उपायुक्त ने उनकी मांगों को ध्यान से सुना और इनको पूरा करवाने का भरोसा दिया है।
उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि साल 2025-26 के लिए डीसी रेट्स जल्द रिवाइज किए जाएं। डीसी रेट में बढ़ोतरी के लिए ग्रेड-पे की कंडीशन को खत्म कर सभी वर्गों को बराबर बढ़ोतरी दी जाए। साल-2025-26 के लिए रिवाइज्ड किए जाने वाले डीसी रेट में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी होनी चाहिए। इस बैठक में यह भी अनुरोध किया गया कि डीसी रेट्स बढ़ाते समय चंडीगढ़ में मौजूदा पर प्रति व्यक्ति आय और इन्फलेशन को भी ध्यान में रखा जाए।
उन्होंने कहा कि कोविड के समय डीसी रेट्स में बढ़ोतरी नहीं की गई थी। इस तथ्य को भी ध्यान में रखा जाए। इससे कर्मचारियों की आर्थिक नुकसान की भरपाई होगी। राकेश कुमार ने बताया कि अगर रिवाइज्ड डीसी रेट जल्द जारी नहीं किए गए तो छह अगस्त को कर्मचारी उपायुक्त कार्यालय के सामने प्रदर्शन करेंगे।