माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने पंचकूला मनसा देवी थाने में कर्मचारियों के भोजन के लिए शुरू किए बफे सिस्टम का निरीक्षण किया। उन्होंने खाने की गुणवत्ता एवं ताजगी परखने के लिए कर्मचारियों के साथ स्वयं भोजन किया। पुलिस महानिदेशक ने कर्मचारियों को उत्कृष्ट, ताजा एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन, थानों और पुलिस चौकियों में वहां के भवनों की मरम्मत, साफ-सफाई, रंग-रोगन, लाइट सहित अन्य सुविधाओं पर अच्छा काम किया जा रहा है।
इस दिशा में राज्यभर के सभी जिलों में पुलिस थाना में पुलिसकर्मियों के लिए मैस की शुरूआत की जा रही है। पुलिस महानिदेशक ने मनसा देवी थाने में कमरों, शौचालयों, मालखाना इत्यादि की साफ-सफाई, कार्य प्रणाली की पड़ताल की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने त्रिवेणी बड़, पीपल और नीम का पौधरोपण किया। थानाध्यक्ष धर्मपाल ने बताया कि कर्मचारियों के पौष्टिक भोजन के लिए कैटरिंग की भी व्यवस्था की गई है।