संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह ने अभिनेता दिलजीत दोसांझ, विक्रम मजीठिया और पंजाब के कई चर्चित मामलों पर प्रतिक्रिया दी। दिलजीत दोसांझ की फिल्म सरदार जी-3 के देश भर में बैन और विरोध के बीच परगट सिंह ने कहा कि वे दोसांझ के साथ हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सोचते हैं कि दिलजीत दोसांझ को दबा लिया जाएगा, लेकिन वे दबने वाले नहीं हैं।
वहीं, विजय इंदर सिंगला को क्लीन चिट देने पर विधायक ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सीएम मान ने कहा था कि उनके पास सारे सबूत हैं, लेकिन अब सिंगला को क्लीन चिट दे दी गई है। ऐसे में किस पर भरोसा किया जाए। उन्होंने कहा कि आप ने 31 मई तक पंजाब को ड्रग फ्री कर दिया, लेकिन जुलाई में भी नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी है। वहीं, बिक्रम सिंह मजीठिया को लेकर विधायक ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया के अनुसार जो करना चाहिए, सरकार वह करे। उन्होंने कहा कि मजीठिया की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस विरोध नहीं करती। लुधियाना पश्चिम हलके में भारत भूषण आशु के चुनाव हारने पर परगट सिंह ने कहा कि लोगों का फैसला उन्हें मंजूर है। वहीं, उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने पर कहा कि उनकी पार्टी से कोई नाराजगी नहीं है। पार्टी किसी ओर को इस पद पर मौका दे और वह पार्टी को मजबूत करेगा।