300 मीटर लंबी संपर्क सड़क की मरम्मत की मांग, हादसे का खतरा बढ़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। बिटना रोड स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के सामने करीब 300 मीटर लंबी सड़क जर्जर हो चुकी है। खराब सड़क के कारण आईटीआई आने-जाने वाले विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
गांव घाटीवाला के समीप स्थित आईटीआई में पंचकूला, मोरनी, दून और रायतन क्षेत्र से हजारों विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। बिटना रोड से संस्थान को जोड़ने वाली संपर्क सड़क लंबे समय से टूटी हुई है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कत हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बरसात के दौरान सड़क किनारे की मिट्टी बह जाने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। हरियाणा रोडवेज की बसों से आने वाले विद्यार्थियों को भी जर्जर सड़क से गुजरने में डर बना रहता है।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आईटीआई को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली इस संपर्क सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों और आम लोगों को राहत मिल सके।