पंचकूला। बुढ़नपुर में डायरिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को 38 नए मामले सामने आए हैं। पंचकूला स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को 784 घरों का सर्वे किया। पंचकूला जिला सर्विलांस अधिकारी सुरेश भोसले ने बताया कि टीमों ने पानी के चार सैंपल लिए हैं। अब तक पानी की जांच के लिए 30 सैंपल लिए गए हैं। छोटे बच्चे डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि बुढ़नपुर में हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीम ने दौरा कर लोगों से डायरिया और पानी को लेकर बातचीत की। वहीं एचएसवीपी की तरफ से भी लोगों में भय खत्म करने के लिए डोर टू डोर सर्वे किया जा रहा है।
- डायरिया फैलने के बाद सर्वेक्षण किए गए घरों की कुल संख्या : 784
- डायरिया के नए मामले सामने आए : 38
- डायरिया से मौत-1 मौत
- अब तक दर्ज किये गये मामलों की कुल संख्या : 444
- परीक्षण के लिए भेजे गए पानी के नमूनों की कुल संख्या : 30
- परीक्षण के लिए भेजे गए मल नमूनों की कुल संख्या : 20
- हैजा के लिए सकारात्मक पाए गए मल नमूनों की कुल संख्या : 3
पीने के पानी को लेकर लोगों में बनी दहशत
बुढ़नपुर में पीने के पानी को लेकर लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बच्चों के बीमार होने से दहशत इस कदर बनी है कि लोग बाहर से पानी की बोतल और कैंपर खरीदकर पी रहे हैं। बुढ़नपुर के रहने वाले विजय कुमार, सुनीता, पारूल, आरूषि ने बताया कि पीने के पानी बाहर से खरीदकर पी रहे हैं। पानी के सैंपल 50 फीसदी फेल होने के कारण यह हालात बने हुए हैं।
बुढ़नपुर में पानी पूरी तरह ठीक है। पानी को लेकर लोगोंं में पैदा हुए भय को दूर करने के लिए डोर टू डोर सर्वे कर रहे हैं। कई जगह पानी के अवैध कनेक्शन मिलने पर विभाग ने उन्हें काट दिया है। विभाग की ओर से लोगों के भय को दूर करने के लिए काम किया जा रहा है। - प्रवीन सेठी, एसडीओ, एचएसवीपी