पंचकूला। डायरिया के बढ़ते मामलों को देखकर उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने बुधवार को अधिकारियों के साथ अभयपुर का दौरा किया। डीसी ने पानी की व्यवस्था ठीक करने के साथ ही जल्द से जल्द स्थिति को नियंत्रित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्थानीय लोगों से पीने के पानी को लेकर जानकारी ली। उन्होंने हरियाणा शहरी विकास विभाग के अधिकारियों को स्वच्छ पीने का पानी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर काम करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाई जा सके।
विनय प्रताप सिंह ने बताया कि अभयपुर में पानी की मिलावट की वजह से डायरिया और कालरा फैलने के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि अभयपुर में पीने के पानी की स्वच्छ आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि सीवरेज और पीने के पानी की मिलावट की वजह से यह बीमारी फैली है। उन्होंने कहा कि यह भी सामने आया है कि अभयपुर की आबादी ज्यादा है। यहां लोगों द्वारा अवैध पानी के कनेक्शन लिए हैं।
जिन लोगों ने अवैध पानी के कनेक्शन लिए हैं, उनकी पाइप लाइन में समस्या आई है। पानी की मिलावट के कारण ही बीमारी फैली है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखकर अधिकारियों को अतिशीघ्र जल आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम पंचकूला ऋचा राठी, शहरी विकास प्राधिकरण के कार्यकारी अभियंता अमित राठी, एनके पायल और वार्ड के पार्षद राजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।