विस अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में शिलान्यास करते।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीरवार को 155.15 करोड़ रुपये से अधिक की चार विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है। इसमें 5.18 करोड़ रुपये की एक परियोजना का उद्घाटन और 149.97 करोड़ की तीन परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न जिलों के लिए 1100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने सेक्टर-2 में 5.18 करोड़ से अधिक राशि से नवनिर्मित कल्याण भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने 93.97 करोड़ रुपये की लागत से सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल परिसर में बनने वाले मातृ एवं बाल स्वास्थ्य ब्लॉक और सर्विस ब्लॉक, 7.03 करोड़ रुपये की लागत से सामान्य अस्पताल परिसर में बनने वाले मलेरिया कार्यालय की इमारत और 48.97 करोड़ रुपये की लागत से मौली चौक-रायपुररानी-भूरेवाला सड़क का चौड़ीकरण का शिलान्यास किया।
सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में इन परियोजनाओं का हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस मौके पर हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के चेयरमैन पवन कुमार खरखौदा, मेयर कुलभूषण गोयल, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की महानिदेशक रेणू एस फुलिया, उपायुक्त विनय प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने मनोहर लाल का पंचकूलावासियों को विकास की नई परियोजनाएं समर्पित करने पर धन्यवाद और आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि एक दिन पूर्व ही मुख्यमंत्री ने इसी सभागार में पंचकूला महानगरीय विकास प्राधिकरण (पीएमडीए) के गठन की घोषणा की थी, जिससे पंचकूला में एजुकेशन सिटी, मेडिसिटी, फिल्म सिटी बनने का रास्ता प्रशस्त हुआ है। इसके अलावा उन्होंने पंचकूला के विकास के लिए अनेक घोषणाएं भी की थी, जिसमें पर्यटन की दृष्टि से मोरनी में एडवेंचर्स स्पोर्ट की शुरूआत और सड़कों का सुदृढ़ीकरण भी शामिल है।
ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल में 200 अतिरिक्त बेड की क्षमता वाले मातृ एवं बाल स्वास्थ्य ब्लॉक का शिलान्यास किया गया है। अब इस ब्लॉक की क्षमता बढ़कर 500 बेड हो जाएगी। यह स्वास्थ्य सुविधाओं की दृष्टि से पंचकूला के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। क्योंकि पंचकूला प्रदेश का पहला जिला होगा, जहां 500 बेड क्षमता वाला मातृ एवं बाल स्वास्थ्य ब्लॉक होगा। मातृ एवं बाल स्वास्थ्य ब्लॉक का निर्माण लगभग 94 करोड़ रुपए की लागत से होगा और यह कार्य 2 साल में पूरा कर लिया जाएगा। यह स्वास्थ्य ब्लॉक 11 मंजिला होगा, जोकि पंचकूला के साथ-साथ ट्राइसिटी की सबसे ऊंची बिल्डिंग होगी। इसमें 3 बेसमेंट व 8 फ्लोर होंगे। इसके अलावा यहां 4 मंजिल के सर्विस ब्लॉक का निर्माण भी किया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा, एसडीएम ऋचा राठी, सिविल सर्जन जसजीत कौर, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, जिला महामंत्री वीरेंद्र राणा, पार्षद व उपाध्यक्ष हरेंद्र मलिक, पार्षद जय कौशिक, वरिष्ठ कार्यकर्ता श्यामलाल बंसल व भाजपा मीडिया प्रभारी नवीन गर्ग उपस्थित थे।