पंचकूला। रंजीत सिंह हत्याकांड मामले में शुक्रवार को पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत में सुनवाई हुई। रंजीत सिंह हत्याकांड के मामले के मुख्य आरोपी गुरमीत राम रहीम और आरोपी कृष्ण लाल वीडियो कांफ्रेंसिंग से अदालत में पेश हुए। इस मामले में तीन आरोपी जसबीर सिंह, सबदिल और अवतार सिंह सीबीआई कोर्ट में प्रत्यक्ष रूप से पेश हुए।
सीबीआई वकील एचपीएस वर्मा ने बताया कि पिछली सुनवाई में जो अंतिम जिरह चल रही थी, वह जिरह शुक्रवार को भी जारी रही। इस दौरान दोनों पक्षों के वकीलों की तरफ से अपना-अपना पक्ष रखा गया। वकील एचपीएस वर्मा ने बताया कि मामले की अगली सुनवाई 8 अप्रैल को होगी। गौरतलब है कि रंजीत मर्डर मामले में अंतिम बहस जारी है। अंतिम बहस के बाद जल्द ही इस मामले में कोर्ट अपना फैसला सुना सकती है। ध्यान रहे कि रंजीत, आरोपी गुरमीत राम रहीम के सिरसा स्थित डेरा का मैनेजर था। उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।