माई सिटी रिपोर्टर पंचकूला। कोरोना के पांच मरीज मिलने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया है। वीरवार को सात सैंपल लिए गए। इसमें एक संक्रमित भी मिला है। विभाग ने संक्रमित मरीजों की देखभाल के लिए 53 वेंटिलेटर तैयार कर लिए हैं। इसमें 44 वेंटिलेटर के बेड बनाए गए हैं। नौ वेंटिंलेटर लोगों को इमरजेंसी में लाने के लिए एंबुलेंस में लगाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को सामाजिक दूरी का पालन करने के साथ मास्क लगाकर बाहर निकलने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से मीटिंग की गई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग आने वाले मरीजों की डिटेल पूरी रख रहे हैं।
पंचकूला सिविल अस्पताल की सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि कोरोना से निपटने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। अस्पताल के आईसीयू वार्ड में वेंटिलेटर की सुविधा दी गई है। इसके अलावा इमरजेंसी में तीन बेड में वेंटिलेटर की सुविधा शुरू की गई है। वहीं अस्पताल के गायनी वार्ड में भी तीन बेड पर वेंटिलेटर की सुविधा दी गई है। इसके अलावा अगर मरीजों की संख्या बढ़ेगी तो इसके लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोरोना से बचाव को लेकर तैयारी की गई है। उन्होंने बताया कि पांच कोरोना संक्रमित मरीज आने के बाद विभाग की ओर से पूरी तैयारी की गई है।
कोरोना के मामले आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। अगर मरीजों की संख्या बढ़ेगी तो इसके लिए अलग से वार्ड बनाए जाने की तैयारी की गई हैं। डॉक्टरों की सलाह पर टेस्टिंग बढ़ाई जाएगी। -डॉ. उमेश मोदी, पीएमओ, पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6