स्वास्थ्य विभाग बोला-पीडब्ल्यूडी को दिया इस्टीमेंट, पीडब्ल्यूडी बोला- बजट का है इंतजार
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। स्वास्थ्य विभाग डेंगू को लेकर शहर को जागरूक करने में लगा है, लेकिन सेक्टर-6 सिविल अस्पताल का हाल चिराग तले अंधेरा जैसा है। अस्पताल परिसर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति है। छत पर रखे पानी की टंकियों के ढक्कन गायब हैं। जगह-जगह पानी टपकने से छत में जलभराव की स्थिति है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि पीडब्ल्यूडी को इस्टीमेट सौंप दिया है, उधर पीडब्ल्यूडी का कहना है कि बजट का इंतजार है। सिविल अस्पताल के ब्लॉक डी सहित अन्य जगह डेंगू का लारवा पनपने के लिए उपयुक्त जगह बनी हुई है। छत और लिफ्ट में बरसाती पानी भरा हुआ है। अब तक जिले में 402 मामले सामने आ चुके हैं। सबसे ज्यादा डेंगू के मामले अर्बन पंचकूला में सेक्टर-6 में सामने आ रहे हैं। 40 मामले सामने आने बाद भी अभी तक सफाई पर ध्यान नहीं दिया गया है।
अधिकतर शौचालय और लिफ्ट अभी तक खराब
शहर के सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में अधिकतर शौचालय खराब हैं। इसमें इमरजेंसी वार्ड का शौचालय सबसे बदतर हालत में है। सीवर का पानी लीक होने के कारण यहां पर गंदगी का आलम है। इसे अभी तक ठीक नहीं किया जा सका है। यही हालात इमरजेंसी के अलावा पहले तल में बच्चों की ओपीडी के पास महिला शौचालय सहित बच्चों के वार्ड, जनरल वार्ड के हैं। इस कारण लोगों को परेशानी हो रही है। इसका अभी तक समाधान नहीं किया जा सका है।
सिविल अस्पताल ने बिल्डिंग की छत, पानी की टंकी, सीवर, शौचालय के रिपेयर के लिए पीडब्ल्यूडी को लेटर लिखा गया था। इसके बाद इसका बजट बनाकर पीडब्ल्यूडी की टीम ले गई है। इसका पूरा काम पीडब्ल्यूडी की ओर से किया जाएगा। -डॉ. मुक्ता कुमार, सीएमओ, पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6
सिविल अस्पताल की ओर से लेटर लिखने के बाद पीडब्ल्यूडी की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया है। निरीक्षण के बाद सभी रिपेयर काम का बजट बनाकर सरकार को भेजा गया है। जैसे ही विभाग को बजट मिलेगा। हम सिविल अस्पताल की रिपेयर का काम करेंगे। - आशीष चौहान, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी