सेक्टर-16 पुलिस चौकी का घेराव करते राजीव-इंदिरा कॉलोनी के लोग।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। कालोनी को नशा मुक्त कराने के लिए सेक्टर-16 चौकी का घेराव कांग्रेसी पार्षदों सहित स्थानीय लोगों ने किया। वार्ड नंबर -6 के पार्षद पंकज और वार्ड नंबर -7 की पार्षद उषा रानी ने सेक्टर-16 चौकी का घेराव कर कहा कि राजीव कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी और बुढ़नपुर को नशा मुक्त कराया जाए। लगातार कालोनियों में नशा बिकने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
इसके लिए हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, गृहमंत्री अनिल विज, पंचकूला पुलिस कमिश्नर सौरभ सिंह, पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा सहित सभी बड़े अधिकारियों के पास जाकर गुहार लगा चुके हैं। इसके बाद भी नशा कॉलोनियों में बिक रहा है। सभी अधिकारियों की ओर से आश्वासन दिया गया है लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस की गश्त कॉलोनी में बिल्कुल नहीं होती है। इस कारण आए दिन नशे में हत्या तक हो चुकी है।
अभी तक इस पर पुलिस की ओर से कुछ भी नहीं किया जा सका है। पार्षद उषा रानी ने मांग की है कि कॉलोनियों को एक हफ्ते में नशा मुक्त कराया जाए। अगर ऐसा नहीं किया गया तो पंचकूला विधानसभा अध्यक्ष का घेराव करेंगे।