पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और नगर निगम की कार्रवाई से परेशान सेक्टर-20 के रेहड़ी-फड़ी वालों ने वीरवार को मौन व्रत धारण कर रोष रैली निकाली। रेहड़ी-फड़ी वाले सुबह सेक्टर-20 मार्केट में एकत्रित हुए। इसके बाद यहां से पैदल चलकर डीसी ऑफिस पहुंचे। जहां उपायुक्त महावीर कोशिश को ज्ञापन सौंपा। रेहड़ी-फड़ी वालों ने बताया कि वह कई सालों से सामान बेचकर परिवार चला रहे हैं, लेकिन अब उन्हें सेक्टर-20 में सामान की बिक्री नहीं करने दी जा रही है।
वह एक माह से विभागीय कार्रवाई से परेशान हैं। सेक्टर-20 के ओंकर सिंह सैनी ने कहा कि सरकार रेहड़ी-फड़ी वालों को वेंडिंग जोन बनाकर दे। जहां वह बैठकर अपना कारोबार कर सकें। जब तक उन्हें वेंडिंग जोन में स्थान नहीं मिलता है तब तक परिवार चलाने के लिए काम करने दिया जाए। रोष रैली में नवीन कंबोज, सीमा, गगन समेत कई रेहड़ी-फड़ी वाले शामिल थे। रेहड़ी-फड़ी वालों का कहना है कि जब से मार्केट में पेड पार्किंग शुरू हुई है तब से परेशानी बढ़ गई है।