संवाद न्यूज एजेंसी
रोपड़। रोपड़ के ओएटी सेंटर में नशा छोड़ने वाले लोगों को कई दिनों से दवा नहीं मिल रही। सोमवार को इन लोगों ने पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही नशे के खिलाफ सरकार की मुहिम पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर सरकार दवा नहीं दे सकती तो झूठ क्यों फैला रही है।
प्रदर्शनकारियों ने रोपड़ के सरकारी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड को जाने वाले रास्ते को काफी देर तक बंद रखा, जिससे अन्य मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं, ओएटी सेंटर के बाहर गर्मी में लंबी लाइनों में खड़े लोगों ने भी सरकार के खिलाफ रोष जताया। उन्होंने कहा कि वे दूर-दूर से रोजाना आते हैं और यहां पहुंचकर पूरा दिन बैठने के बाद भी उन्हें दवा नहीं मिलती। लोगों ने कहा कि नशा छोड़ने के बाद जब दवा नहीं मिलती तो वे मानसिक तौर पर परेशान होते हैं।
वहीं, मामले को लेकर ओएटी सेंटर की अधिकारी हरप्रीत कौर का कहना है कि पोर्टल में दिक्कत के कारण मरीजों को दवाइयां उपलब्ध करवाने में परेशानी आ रही है। इस बारे उच्चाधिकारियों से कहा गया है। जब पोर्टल की समस्या दूर हो जाएगी तो मरीजों को दवाइयां उपलब्ध करवा दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पोर्टल में कुछ बदलाव किया गया है, जिस वजह से समस्या आ रही है।