संवाद न्यूज एजेंसीबरवाला। कस्बे में बस स्टैंड से लेकर एयरफोर्स स्टेशन तक सड़क जर्जर हालत में पहुंच गई है। इससे सड़क मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इस कारण सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कस्बावासी वकील सिंह, मनविंदर सिंह मान, बिंदर, नसीब सिंह, हरनेक सिंह, महिपाल, राजपाल, रिंकू ने बताया कि बरवाला बस स्टैंड से लेकर एयरफोर्स स्टेशन तक करीब तीन किलोमीटर दूरी की सड़क करीब तीन साल से जर्जर हाल में पड़ी है।
इस सड़क का निर्माण करीब 10- 15 वर्षों से नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि कस्बे व क्षेत्र के लोग पिछले काफी लंबे समय से पीडब्ल्यूडी से इस सड़क का नए सिरे से निर्माण करवाए जाने की मांग करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से निर्माण के नाम पर पैच वर्क करके खानापूर्ति कर दी जाती है। यह पैचवर्क एक दो माह में ही टूट जाता है। इससे सड़क की हालत जस की तस बन जाती है। लोगों का कहना है कि यह सड़क मार्ग हरियाणा व पंजाब को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। इस पर दिन-रात वाहनों की भारी आवाजाही बनी रहती है। उन्होंने बताया कि सड़क पर बने गड्ढों में गिरकर आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार भी हो रहे हैं। वहीं सड़क टूटी होने के कारण मार्ग पर जाम की समस्या भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने कहा कि इस सड़क से वाहन लेकर गुजरना तो दूर की बात पैदल गुजरना भी मुश्किल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी की ओर से उन्हें सड़क का नए सिरे से निर्माण किए जाने का आश्वासन तो मिलता है लेकिन सड़क का निर्माण शुरू न होने से उन्हें निराशा ही हाथ लगती है। विभाग द्वारा सड़क का निर्माण न करवाए जाने को लेकर कस्बे व क्षेत्र के लोगों में विभाग के प्रति काफी रोष है।
सड़क के नए सिरे से निर्माण के लिए सरकार और विभाग को टेंडर भेजा गया है। जैसे ही अप्रूवल आएगी, जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाकर इस समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा। - तरुण शर्मा, कार्यकारी अभियंता, पीडब्ल्यूडी