पुलिस-आरडब्ल्यूए की बैठक में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी मजबूत करने की मांग
बेतरतीब पार्किंग से यातायात प्रभावित होने का मुद्दा भी उठा, थाना प्रभारी ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-15 में बढ़ रही चोरी की घटनाओं और बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर शनिवार को पुलिस और रेजिडेंट वेलफेयर एंड डेवलपमेंट एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के पदाधिकारियों की बैठक हुई। सेक्टर-14 थाना प्रभारी राजवीर के कार्यालय में हुई बैठक में आरडब्ल्यूए ने चोरी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी मजबूत करने की मांग की। साथ ही बेतरतीब पार्किंग से प्रभावित हो रही यातायात व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया गया।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
बैठक में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुनील वशिष्ठ, महासचिव हरजीत पुनिया, सदस्य योगेश दत्ता और बीडी शर्मा ने सेक्टर की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे थाना प्रभारी के सामने रखे। पदाधिकारियों ने कहा कि चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए।
बेतरतीब पार्किंग से यातायात प्रभावित
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने सेक्टर की मुख्य सड़कों पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे अनियमित पार्किंग से यातायात प्रभावित होता है और कई बार जाम जैसी स्थिति बन जाती है। उन्होंने यातायात नियमों का पालन करवाने और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी राजवीर ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सेक्टर की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने पुलिस और स्थानीय निवासियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।