पंचकूला। शहर में चोरों द्वारा दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देने के खिलाफ हाउस ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन (हौवा) सेक्टर- 10 पंचकूला की कोर कमेटी की आपात बैठक हुई। इसमें हौवा के पदाधिकारियों ने पुलिस से बढ़ती चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग की। पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा से मांग की गई है कि शहर में पुलिस फोर्स की गश्त बढ़ाई जाए, ताकि पंचकूला निवासियों के जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित हो। हौवा प्रधान बीएम कौशिक ने रोष जताकर कहा कि चार दिन में सेक्टर-10 के मकान नंबर-93 से हरिंद्र मनचंदा की कार से बैटरी चुरा ली गई।
हौवा के चेयरमैन भारत हितैषी ने बताया कि 2 जनवरी को सेक्टर-10 के मकान नंबर-107 से शिव कुमार वर्मा की अल्टो कार से शाम 5 बजे 3 स्कूटर सवारों ने बैटरी चुरा ली। मकान नंबर-107 के बाहर खड़ी कार से बैटरी चोरी की सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और इसकी वीडियो सेक्टर-10 के चौकी इंचार्ज के सुपुर्द कर दी गई है। भारत हितैषी ने बताया कि पिछले साल सेक्टर-10 से कई कीमती साइकिलें जिनकी कीमत 20 से 50 हजार रुपये के करीब थी, वह चोरी हो गई थी, लेकिन अब तक यह वारदातें नहीं सुलझ पाई हैं। संस्थापक एनसी स्वामी ने हैरानी व्यक्त कर कहा कि आजकल पंचकूला में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि दिनदहाड़े सरेआम कारों के शीशे तोड़कर मोबाइल, नकदी व लैपटाप चोरी किए जा रहे हैं।
भारत हितैषी ने विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता से मांग की है कि वे उच्च पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दें कि पुलिस प्रशासन द्वारा प्रभावशाली ढंग से कार्रवाई कर चोरों के गिरोह को शीघ्र पकड़ा जाए, ताकि शहर वासियों की सुरक्षा बहाल की जा सके। इस मीटिंग में महासचिव एनके खोसला, मुख्य मार्गदर्शक एस के शर्मा, संरक्षक संजय आहूजा, वरिष्ठ उपप्रधान सुभाष शर्मा भी उपस्थित थे।