सीधी ट्रेन और बस न होने से यात्रियों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। कालका से अमृतसर के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। वर्तमान में दोनों शहरों के बीच कोई भी सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है। इस कारण यात्रियों को चंडीगढ़ या अंबाला से ट्रेन पकड़नी पड़ती है। लोगों का कहना है कि कालका से बड़ी संख्या में लोग तीर्थ यात्रा और रिश्तेदारी के लिए अमृतसर जाते हैं। ऐसे में सीधी ट्रेन सेवा शुरू होना समय की जरूरत है।
कई वर्ष पूर्व कालका रेलवे स्टेशन से अमृतसर के लिए ट्रेन का संचालन होता था। रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार उस समय यात्रियों की संख्या कम होने के कारण कालका-अमृतसर ट्रेन सेवा को बंद कर दिया गया था। हालांकि वर्तमान समय में कालका से अमृतसर जाने वाले यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। ऐसे में लोगों की मांग है कि पुरानी ट्रेन सेवा को दोबारा बहाल किया जाए।
सीधी बस सेवा भी नहीं
कालका से अमृतसर के लिए ट्रेन की तरह कोई सीधी बस सेवा भी उपलब्ध नहीं है। बस के माध्यम से अमृतसर जाने के लिए यात्रियों को पहले पंचकूला पहुंचना पड़ता है। इसके लिए ऑटो या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता है जिससे यात्रियों का समय और धन दोनों बर्बाद होते हैं।
हर वर्ष परिवार के साथ जाते हैं
हर वर्ष परिवार के साथ अमृतसर स्थित तीर्थ स्थलों पर शीश नवाने जाते हैं। यदि कालका से अमृतसर के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू हो जाती है तो बार-बार वाहन बदलने और चंडीगढ़ या अन्य स्टेशनों से ट्रेन पकड़ने की परेशानी खत्म हो जाएगी। - प्रभजोत सिंह, कालका
शहर के लोगों की रिश्तेदारी अमृतसर में
शहर के अनेक लोगों की रिश्तेदारी अमृतसर में है। बुजुर्गों को चंडीगढ़ या अंबाला जाकर ट्रेन पकड़ने में दिक्कत होती है। यदि कालका से सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध हो जाए तो सफर सुगम होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। - पुष्पा, कालका