3,839 वोट हासिल कर बनाया रिकॉर्ड, कांग्रेस प्रत्याशी को 2,267 मतों के बड़े अंतर से हराया
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। नगर निगम चुनाव में भाजपा ने मेयर पद समेत 17 वार्डों में जीत दर्ज कर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं वार्ड नंबर-13 से भाजपा प्रत्याशी दीपक गर्ग पार्टी के सबसे बड़े वोट जुटाने वाले पार्षद बनकर उभरे हैं। दीपक गर्ग को कुल 3,839 वोट मिले, जो इस चुनाव में भाजपा के सभी विजयी पार्षद उम्मीदवारों में सबसे अधिक हैं।
वार्ड नंबर-13 में दीपक गर्ग ने कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय चौधरी को 2,267 वोटों के बड़े अंतर से हराया। अक्षय चौधरी को 1,572 वोट मिले, जबकि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी विशाल भारद्वाज को 86 वोट हासिल हुए। इसके अलावा 65 मतदाताओं ने नोटा का इस्तेमाल किया।
मतगणना के दौरान शुरुआत से ही दीपक गर्ग मजबूत स्थिति में दिखाई दिए। हर राउंड में उनकी बढ़त बढ़ती गई और अंतिम परिणाम में उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होते ही वार्ड में भाजपा समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।