पंचकूला। बैंक को नकली सोना देकर 12 लाख का लोन लेने वाले आरोपी वरुण कोहली को भी आर्थिक अपराध शाखा ने तीन दिन के लिए प्रोडक्शन रिमांड पर लिया है। शनिवार को पूछताछ में कोहली ने कई बड़े खुलासे किए हैं। रविवार को टीम ने यमुनानगर में कई जगहों पर दबिश दी है। दिल्ली निवासी वरुण कोहली के बाद अब पुलिस पूछताछ के लिए गिरोह का मुखिया दीपक भोला को प्रोडक्शन रिमांड पर लेगी। आर्थिक अपराध शाखा के इंचार्ज कमलजीत सिंह ने बताया कि नकली जेवर देकर तीन करोड़ की ठगी करने वाले आरोपियों का प्रोडक्शन रिमांड लिया जाएगा।
मां, भाभी के नाम लिया था लोन
भोला के संपर्क में आने के बाद आरोपी वरुण कोहली गिरोह में शामिल हो गया था। कोहली ने भोला के कहने पर मां के नाम नकली जेवर देकर चार लाख का लोन पास कराया था। उसके बाद दूसरी बार भाभी के नाम चार लाख और फिर तीसरी बार अपने नाम से चार लाख का लोन पास कराया था। दीपक भोला की गिरफ्तारी के बाद वरुण कोहली का नाम सामने आया था। तीन दिन रिमांड पर लिए कोहली से कई बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है। आर्थिक अपराध शाखा के इंचार्ज कमलजीत सिंह ने बताया कि गिरोह के मास्टमाइंड दीपक भोला पर कुल 32 मामले दर्ज हैं। अभी तक एक ठगी के मामले पर कार्रवाई चल रही है। अन्य केसों पर जांच की जा रही है।
टीम ने कई जगह दी दबिश
नकली जेवर से लोन पास करवाने वाले आरोपी सुरेंद्र को सेक्टर-14 पुलिस वीरवार को एक दिन के प्रोडक्शन रिमांड पर लाई थी। जानकारी मिलने के बाद दूसरे दिन आर्थिक अपराध शाखा आरोपी वरुण कोहली को पूछताछ के लिए तीन दिन के प्रोडक्शन रिमांड लाई। तीन दिन पूरे होने के बाद सोमवार को कोर्ट में पेश करेगी। आरोपी वरुण कोहली से पूछताछ के आधार पर टीमें यमुनानगर, अमृतसर और दिल्ली के कई ठिकानों पर दबिश दे रही है। जानकारी के आधार पर गिरोह के मुखिया दीपक भोला के साथ मिलकर आरोपी वरुण कोहली लोन दिलवाने के लोगों को निशाना बनाता था।
ठगी का मास्टरमाइंड दीपक भोला पर दर्ज सभी मामलों पर कार्रवाई की जा रही है। गिरोह में शामिल गिरफ्तार आरोपियों को प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। केस से जुड़े अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी होगी। - कमलजीत सिंह, आर्थिक अपराध शाखा, पंचकूला