श्रीनगर में गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत के उपलक्ष्य में विशेष नगर कीर्तन यात्रा आयोजित करने की योजना बनाई गई है। यह यात्रा 19 नवंबर को श्रीनगर से शुरू होकर 22 नवंबर को आनंदपुर साहिब पहुंचेगी। सरकार से आयोजन में सहयोग मांगा गया है।
चंडीगढ़। सभ्याचार व सैर-सपाटा विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ एक मुलाकात की। बाली ने गुरु तेग बहादुर के 350 साला शहादत समागम के तहत श्रीनगर में एक नगर कीर्तन करवाने के लिए सहयोग मांगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को इन ऐतिहासिक और पवित्र समागमों में शामिल होने का न्योता दिया और जम्मू-कश्मीर सरकार से पूर्ण सहयोग की मांग की। इस दौरान उनके साथ सेक्रेटरी सैर-सपाटा व सभ्याचारक मामले अभिनव त्रिखा भी मौजूद थे।
विज्ञापन
दीपक बाली ने बताया कि गुरु तेग बहादुर जी के 350 साला शहादत समागमों के संबंध में विस्तृत कार्यक्रम भी जारी किया गया है। पहला विशाल कीर्तन दरबार 25 अक्तूबर को दिल्ली में गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में करवाया जाएगा। मुख्य समागमों से पहले 19 नवंबर को एक विशेष नगर कीर्तन यात्रा श्रीनगर से आरंभ होकर 22 नवंबर को पंजाब के श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगी।
इसके अलावा तीन और नगर कीर्तन 20 नवंबर को पंजाब के अलग-अलग ऐतिहासिक शहरों से चलेंगे। यह नगर कीर्तन गुरदासपुर, फरीदकोट और तलवंडी साबो से शुरू होंगे और 22 नवंबर की रात को आनंदपुर साहिब की पवित्र धरती पर इकट्ठे पहुंचेंगे। सूबा सरकार की ओर से मुख्य समागम 23, 24 और 25 नवंबर को आनंदपुर साहिब में करवाए जाएंगे।