चंडीगढ़। पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी और कराधान मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने राज्य में स्थापित किए जा रहे नए डिग्री कॉलेजों को वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान 25.75 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी दे दी है। शुक्रवार को जारी एक प्रेस बयान में हरपाल चीमा ने कहा कि पंजाब में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के मिशन के तहत वित्त विभाग ने राज्य में स्थापित किए जा रहे 10 नए डिग्री कॉलेजों को फंड जारी करने की मंजूरी दे दी है। वित्त विभाग ने बीते चार महीनों के दौरान उच्च शिक्षा एवं भाषा विभाग को 30.23 करोड़ रुपये की और अनुदान राशि भी जारी की है। इमें पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला को 22.5 करोड़, पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के लिए 7.1 करोड़ और जगत गुरु नानक देव ओपन यूनिवर्सिटी पटियाला के लिए 6.2 करोड़ रुपये शामिल हैं।
मानक शिक्षा को मान सरकार की प्राथमिकताओं में से एक बताते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि चालू वित्त वर्ष 2022-23 के पहले चार महीनों के दौरान स्कूल शिक्षा विभाग को 205.13 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। शिक्षा क्षेत्र को फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी, क्योंकि पंजाब सरकार राज्य के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
नए कॉलेजों के लिए जारी हुआ इतना फंड
नए डिग्री कॉलेजों को जारी किए जाने वाले फंड का विवरण साझा करते हुए चीमा ने कहा कि वित्त विभाग ने चालू वित्त वर्ष के दौरान सरकारी कॉलेज अबोहर (फाजिल्का) के लिए 4.56 करोड़, सरकारी कॉलेज महैण आनंदपुर साहिब रोपड़ के लिए 4.26 करोड़, सरकारी कॉलेज चब्बेवाल मुखलियाना होशियारपुर के लिए 3.80 करोड़, सरकारी गर्ल्स कॉलेज मालेरकोटला के लिए 3.71 करोड़, सरकारी कॉलेज सिद्धूपुर गुरदासपुर के लिए 1.97 करोड़, सरकारी कॉलेज हुसनेर गिद्दड़बाहा मुक्तसर के लिए 1.86 करोड़, सरकारी कॉलेज जाडला शहीद भगत सिंह नगर के लिए 1.10 करोड़, सरकारी कॉलेज ढोलबाहा होशियारपुर के लिए 65 लाख, सरकारी कॉलेज शाहकोट जालंधर के लिए 98 लाख और सरकारी कॉलेज दानेवाला मलोट के लिए 2.86 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी दे दी है।