पिंजौर। शहर में पीसीआर नंबर-8 पर तैनात पीसीआर इंचार्ज ईएचसी शाहिद खान को भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने पर डीसीपी ने निलंबित कर दिया है। जबकि इसी मामले में होमगार्ड जवान जगपाल सिंह के खिलाफ उसके विभाग की ओर से सख्त कार्रवाई करने के लिए लिखा गया है।
पुलिस के मुताबिक पीसीआर-8 पिंजौर क्षेत्र में तैनात है। सूत्रों की मानें तो पीसीआर इंचार्ज ईएचसी शाहिद खान और होमगार्ड जवान की ओर से ट्रक वालों को रोककर उनसे पैसे लिए गए थे। इसकी शिकायत पिंजौर थाने में दी गई थी। पिंजौर थाने के एसएचओ ने जांच के करने के बाद अपनी रिपोर्ट तैयार कर डीसीपी को सौंपी है। इस पर कार्रवाई करते हुए डीएसपी ने रविवार को पीसीआर इंचार्ज ईएचसी शाहिद खान को निलंबित कर दिया है।
डीसीपी ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दृढ़तापूर्वक लागू करने के लिए पंचकूला पुलिस कमिश्नर डॉ. हनीफ कुरैशी की ओर से एक एक व्हाट्सएप नंबर 7087091100 जारी किया हुआ है। अगर कोई भी पुलिस कर्मी रिश्वत की मांग करता है या किसी अन्य प्रकार के भ्रष्टाचार संबंधी सूचना देना चाहता है तो इसकी सूचना तुरंत उपरोक्त व्हाट्सएप के माध्यम से दे सकते हैं। हरविंदर सिंह थाना प्रभारी पिंजौर ने बताया कि उक्त कर्मचारी ट्रक चालकों से पैसे आदि की मांग करने में संलिप्त थे। इस कारण उन पर कार्रवाई की गई है।