संवाद न्यूज एजेंसी पंचकूला। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर डीसीपी हिमाद्री कौशिक ने वीरवार को सभी एसीपी, एसएचओ और पुलिस चौकी इंचार्ज के साथ मीटिंग की। मीटिंग में डीसीपी ने एसएचओ को अवैध शराब व कैश के साथ पकड़े जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीसीपी ने बताया कि जिले में बॉर्डर एरिया पर 12 नाके लगे हैं और उन नाकों पुलिस अधिकारियों को चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। डीसीपी हिमाद्री कौशिक ने बताया कि अब सभी अपराधियों का डाटा ईगल एप पर अपलोड किया जा रहा है। पुलिस नाकों से संदिग्धों के फोटो को एप में डालकर चेक किया जाएगा कि पहले कभी किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल था या नहीं। डीसीपी ने बताया कि अब जिला में अपराध घटनाओं पर काबू पाने के लिए थाना व पुलिस चौकी स्तर पर स्पेशल क्राइम नाका स्थापित किए गए हैं। जिन नाकों पर पुलिस 24 घंटे निगरानी करके हर व्यक्ति व वाहन की निगरानी करेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की कोई भी चोरी इत्यादि की घटना घटित ना हो ।
डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर वीरेंद्र सांगवान ने बताया कि सभी एसएचओ अपने एरिया में संवेदनशील व असंवेदनशील बूथ पर विजिट करें और वहां किसी भी तरह की घटना चुनाव के दौरान न हो, इसे सुनिश्चित करें।