राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर बने अंडरपास में बिजली की व्यवस्था नहीं, राहगीरों ने कई बार अधिकारियों से की शिकायत
राहगीरों ने कहा- रात के समय अंधेरे में किसी अनहोनी की आशंका, जल्द लाइट लगाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर कस्बा रामगढ़ से गांव माणक्यां तक बनाए गए अंडरपास में रात के समय अंधेरा छाया रहता है। बिजली की व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों में भय बना रहता है और उन्होंने प्राधिकरण के प्रति रोष जताया है। राहगीरों का कहना है कि अंडरपास में रोशनी की व्यवस्था के लिए अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।
राहगीर अशोक कुमार, पवन कुमार, बलजिंदर सिंह, मोहनलाल, श्यामलाल, गुरचरण सिंह, प्रदीप कुमार, महेंद्र सिंह, नरेश कुमार और संजय कुमार सहित अन्य ने बताया कि रात के समय अंडरपास से गुजरना मुश्किल होता है। अंधेरे के कारण हर समय किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि राजमार्ग का निर्माण करते समय अंडरपास में लोगों की सुविधा के लिए बिजली की व्यवस्था की जानी चाहिए थी।
राहगीरों ने आरोप लगाया कि बार-बार मांग करने के बावजूद प्राधिकरण की ओर से इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाए गए सभी अंडरपास में जल्द बिजली की व्यवस्था करने की मांग की, ताकि रात के समय राहगीरों को परेशानी और भय का सामना न करना पड़े।