पंचकूला। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने बुधवार को सेक्टर-3 में नगर निगम के निर्माणाधीन कार्यालय भवन में करीब 4 करोड़ रुपये की लागत की हीटिंग, वेंटिलेशन एवं एयर कंडिशनिंग परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नगर निगम के मेयर कुलभूषण गोयल भी उपस्थित थे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने नगर निगम के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने भवन के निर्माण में देरी होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य बहुत पहले पूरा हो जाना चाहिए था। इस परियोजना को पूरा करने की अंतिम तिथि को दो बार बढ़ाया जा चुका है। नगर निगम के भवन निर्माण का यह काम अब 31 अक्तूबर तक पूरा किया जाना प्रस्तावित है।
इस अवसर पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर अधिकारी, कर्मचारी और ठेकेदार धीमी गति से काम करेंगे तो यह काम कैसे समय पर पूरा होगा। काम समय पर पूरा नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी, कर्मचारी और ठेकेदार दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ एक टीम के रूप में कार्य करें और तय समय सीमा में इस भवन के निर्माण को पूरा करें।
तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करें अधिकारी
इस दौरान विस अध्यक्ष ने नगर निगम कमिश्नर को निर्देश दिए कि इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया से लेकर अब तक की प्रगति और फाइल मूवमेंट की एक विस्तृत रिपोर्ट बनाकर तीन दिन के अंदर उसे प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत कोई भी कर्मचारी या अधिकारी तय समय सीमा से अधिक फाइल लंबित नहीं रख सकते। अगर इस मामले में भी किसी अधिकारी या कर्मचारी की ओर से फाइल जानबूझकर लंबित रखने का मामला पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाए
विस अध्यक्ष निर्देश दिए कि अगर ठेकेदार अपना कार्य समय पर पूरा नहीं करता है तो निर्माण कार्य की समयावधि जुर्माने के साथ बढ़ाई जाए और अगर फिर भी कार्य पूरा नहीं किया जाता है तो ऐसी एजेंसी या ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाए। साथ ही यह भी कहा कि ठेकेदार को समय पर भुगतान किया जाए। नगर निगम के कार्यालय भवन का निर्माण लगभग 45 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से किया जा रहा है। इस भवन में बेसमेंट और भूतल के अलावा चार मंजिला इमारत का निर्माण किया जाएगा, जिसमें मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर के कमरों के अलावा हाउस मीटिंग हॉल और कैंटीन की व्यवस्था भी की जाएगी।
इस अवसर पर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त संयम गर्ग, अधीक्षक अभियंता विजय गोयल, कार्यकारी अभियंता प्रमोद कुमार, जेई राजेश चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय शर्मा, पार्षद हरेंद्र मलिक, जय कौशिक, सुनीत सिंगला, राजेश वर्मा, रितु गोयल, राकेश कुमार, सोनिया सूद, जिला महामंत्री वीरेंद्र राणा, सोनू बिरला सहित अन्य गण्यमान्य उपस्थित थे।