वन विभाग की ओर से बनाई गई पुलिया।
- फोटो : PKL OFFICE
मोरनी। राजीटीकरी पंचायत के दो गांवों भूड़ व चडियाना को जोड़ने के लिए 15 लाख से वन विभाग की ओर से बनाई गई बरसाती पुलिया ग्रामीणों के लिए सुविधा की बजाय असुविधा का कारण बन रही है। पुलिया के दोनों ओर रास्ते का निर्माण न होने से पैदल क्रास करना भी सभी के लिए संभव नहीं है। इस पर से लोग अपनी जान को जोखिम में डालकर गुजर रहे हैं।
विभाग के इस कार्य पर भारी भरकम बजट खर्च करना लोगों के गले नहीं उतर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने ग्रामीणों की जरूरत के अनुसार पुलिया का निर्माण नहीं करवाया जिसके चलते उसका लाभ नहीं मिल रहा है। उनकी मांग है कि संबंधित कार्य की जांच होनी चाहिए ताकि ग्रामीणों को सरकार की ओर से खर्च किए लाखों रुपयों का लाभ मिल सके।
कई लोग गिरकर हो चुके जख्मी
ग्रामीण गोपाल सिंह, खजान सिंह, विरेंद्र सिंह, सतविंद्र सिंह आदि ने बताया कि पुलिया का निर्माण सुरक्षा के मद्देनजर से अधूरा है। पुलिया पर न तो रेलिंग है और न ही दोनों और उचित रास्ता है। अक्सर बरसात के दिनों में ग्रामीण इस रास्ते से गिरकर घायल होते हैं। बीते कुछ महीनों पहले एक बच्चा भी इन्हीं कमियों के चलते चोटिल हुआ था। ग्रामीणों ने विभाग के उच्च अधिकारियों से तुरंत मौका कर ग्रामीणों की समस्या के समाधान की गुहार लगाई है।
कोट...
मौका देखकर लोगों को सुविधा दी जाएगी। इसके साथ काम को उचित तरीके से पूरा नहीं करने पर संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए अधिकारियों को लिखेंगे।
-राम कुमार जांगड़ा, वन मंडल अधिकारी