पंचकूला। अपनी कॉमडी के जरिए हंसाने वाले राजू श्रीवास्तव सबको रुलाकर चले गए। उनके स्टेज पर चढ़ते ही उनके हावभाव से ही लोग हंसने लगते थे। वह स्टेज पर कॉमेडी कर रहे हों या लोगों से बात, कई बार तो पता ही नहीं चलता था। उनके हर बिंदास अंदाज में कॉमेडी की झलक दिखती थी। जितना उनको सुना और महसूस किया उन्हें देखकर लगता था कि वह कॉमेडी की लाइफ लाइन थे। यह कहना है पंचकूला के रहने वाले कॉमेडियन राजीव गोल्डी का। राजीव गोल्डी ने बताया कि सबसे पहले उनकी राजू से मुलाकात ‘लाफ इंडिया लाफ’ कॉमेडी शो-2012 में हुई थी। उस दौरान शो में वह सेलिब्रिटी गेस्ट बनकर आए थे और मैं शो का प्रतिभागी था। इस शो में उनका भाई दीपू श्रीवास्तव भी बतौर प्रतिभागी शामिल हुआ था। स्टेज पर आते ही उन्होंने प्रतिभागियों से कहा और बिरादरी वालों कैसे हो...। इसी तरह दूसरों को हंसाते रहो और खुद भी हंसो। तभी जिंदगी बिंदास जीने का मजा आएगा।
गजोधर भैया के किरदार से मिली शोहरत
राजीव गोल्डी ने बताया कि मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को गजोधर भैया के किरदार से खूब पहचान मिली। सबसे दिलचस्प बात यह है कि गजोधर भैया कोई काल्पनिक किरदार नहीं है, बल्कि गजोधर भैया वास्तविकता में थे। राजू का ननिहाल बेहटा सशान में था। वहां पर एक बुजुर्ग गजोधर रहते थे। वह रुक-रुक कर बोलते थे, उन्हीं का किरदार राजू ने अपनाया और उन्होंने टीवी के कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन लॉफ्टर चैलेंज’ में इसी किरदार के माध्यम से सफलता की पहली सीढ़ी चढ़ी थी और आगे बढ़ते चले गए।
उनके सरपंच के रोल को भी नहीं भूल पाऊंगा
राजीव गोल्डी ने बताया कि राजू से उनकी आखिरी मुलाकात जुलाई-2022 में इंडियाज लॉफ्टर चैंपियन शो में हुई थी। इसमें वह गेस्ट सेलिब्रिटी के रूप में सरपंच की भूमिका में पहुंचे थे। उनकी कॉपी हमलोग नहीं कर सकते। क्योंकि वह कॉमेडी नहीं, लोगों को अपनी बातों से ही हंसाते रहते थे।