संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। नगर परिषद कालका नगर परिषद की बैठक फॉरेस्ट कांप्लेक्स पिंजौर में नप चेयरमैन कृष्ण लाल लांबा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नगर परिषद ईटो रविन्द्र कुहाड़, एक्सईएन मंदेव सिंह सहित अन्य अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे। हर बार की तरह इस बार भी नगर परिषद के 31 वार्डों में सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठे। बैठक में सभी पार्षदों ने चरमराई सफाई व्यवस्था और डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन नहीं करने का मामला उठाया।
पार्षदों ने कहा कि डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाले कर्मी हर रोज नहीं आते हैं। पार्षद टिंकू शर्मा ने कहा कि इसके लिए एक वर्ष में करीब सात करोड़ से ज्यादा रुपया दिया जा रहा है। फिर भी वार्डों से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा। 10 गाड़िया खराब पड़ी हैं। पार्षद संजीव कौशल, पार्षद शबनम पवार ने कहा कि हर वार्ड में 3-3 सफाई कर्मी दिए हुए हैं। यह बहुत कम हैं जबकि कम से कम हर वार्ड को 10 सफाई कर्मचारी चाहिए। उन्होंने कहा कि करीब 135 कमर्चारी हैं।
इसमें से वार्डों में 93 लगाए गए हैं बाकी 42 कहां हैं नहीं पता। बैठक में पार्षदों ने नगर परिषद में खर्चे को लेकर आई रिपोर्ट को सार्वजनिक करके दोषी अधिकारियों व अन्य लोगों के नाम भी बताने के लिए कहा। इस पर चेयरमैन ने रिपोर्ट ऊपर भेजने की बात कही। पार्षद गोल्डी वाल्मीकि ने कालका प्राचीन नैना देवी मंदिर के लिए फुटब्रिज बनाने के लिए कहा पार्षद सौरव गुप्ता ने कहा कि बैठक में एक बार ही जनस्वास्थ्य और बिजली विभाग के अधिकारी आए थे उसके बाद कभी नहीं आए। अब इनसे जुड़ी समस्याएं कहां लेकर जाएंं, पानी की समस्या है, बिजली की तारे भी लटकी हुई होने के कारण हादसे का खतरा बना हुआ है। नगर परिषद के एक्सईएन ने कहा कि वो नगर परिषद की ओर से दोनों विभागों के उच्चाधिकारियों को इसके बारे में लिखेंगे।
एक्सईएन मंदेव सिंह ने बताया कि नगर परिषद एरिया में पिंजौर-कालका मेन रोड, मील से पपलोहा रोड, बिटना रोड और नालागढ़ रोड पर स्ट्रीट लाइटों के लिए पोल व लाइट लगाई जाएगी इसके लिए करीब 5.60 करोड़ का एस्टीमेट मंजूरी के लिए भेजा गया है। नगर परिषद अधिकारियों ने कहा कि डोर टू डोर पर पहले करीब 7 करोड़ 18 लाख खर्च किया जा रहा था।
अब इसमें बदलाव करके डोर टू डोर के साथ उनसे और भी सफाई से जुड़े काम लिए जाएंगे। सेनिटरी इंस्पेक्टर के पास एक रजिस्टर लगाया जाएगा। इसमें वार्ड का पार्षद अपनी शिकायत लिख सकेगा। ईओ कुहाड़ ने बताया कि वार्डों में काम के लिए टेंडर हो चुके हैं। नगर परिषद चेयरमैन कृष्ण लाम्बा ने कहा कि हाउस की अगली बैठक 45 दिन के बाद होगी। बैठक की शुरुआत चेयरमैन लाम्बा ने अयोध्या नगरी राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रकट किया।