बीते हफ्ते ज्वेलरी शॉप में हुई हत्या और लूट के विरोध में वीरवार को गांधी चौक गोबाड़ा के समीप कालका ज्वेलर्स एसोसिएशन एवं व्यापार मंडल के सदस्यों सहित आसपास के दुकानदारों ने दोपहर 12 बजे तक बाजार बंद कर
शांतिपूर्वक रोष प्रदर्शन किया।
इस दौरान लोगों ने पुलिस से वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बच्चे की मौत से पीड़ित परिवार शोक में हैं, लुटेरों ने दुकान से सोने-चांदी की ज्वेलरी भी ले गए,
इससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने मांग की कि आरोपियों को गिरफ्त में लेने के चुराया हुआ समान भी रिकवर किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह रोष स्वरूप सड़कों पर उतरेंगे। प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने मौके पर पहुंचे कालका थाना प्रभारी को शहर में बढ़ रही
नशाखोरी, ट्रैफिक जाम व लगातार बढ़ रहे आपराधिक गतिविधियों पर नकेल लगाने की भी मंग की। साथ ही शहर में मुख्य जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी मांग की।
कालका थाना प्रभारी हरजिन्द्र सिंह ने मौजूद ज्वेलर्स व व्यापारी वर्ग को प्रदर्शन न करने की हिदायत देते हुए कहा कि पुलिस उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि कार चालक को
गिरफ्तार कर लिया गया है, जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस मौके पर सीनियर डिप्टी मेयर संगत सिंह नंदा, ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रधान अशोक कुमार, व्यापार मंडल महासचिव अजय सिंगला, मेन बाजार व्यापार मंडल प्रधान नरेश मंगला, महापंजाबी सभा प्रधान मुकेश सोढी, रेलवे रोड
व्यापार मंडल प्रधान सुनील श्याम, पूर्व पार्षद हरभजन सिंह व सतीश भट्ट, सुरजीत आनंद, रघुवंश मल्होत्रा मौजूद थे।
पुलिस रही मुस्तैद
बाजार बंद कर रोष प्रदर्शन कर रहे ज्वेलर्स व व्यापारी वर्ग गांधी चौक गोबाड़ा के समीप बैठ शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहा था। इस दौरान कोई अप्रिय घटना न हो, इसको लेकर कालका थाना प्रभारी हरजिंद्र सिंह टीम के साथ तैनात रहे।
बारिश के बावजूद डटे रहे ज्वेलर्स व व्यापारी
वीरवार सुबह करीब नौ बजे कालका गांधी चौक गोबाड़ा के समीप ज्वेलर्स व व्यापारी वर्ग एकजुट होने लगा था। कुछ देर बाद बारिश होने लगी, लेकिन इस दौरान भी व्यापारी व ज्वेलर्स ने प्रदर्शन जारी रखा।
शहर में बढ़ रहे अपराध
गांधी चौक पर धरने पर बैठे ज्वेलर्स व व्यापार मंडल के सदस्यों के साथ भाजपा नेता एवं कष्ट निवारण लोक संपर्क विभाग के सदस्य कमल शर्मा भी मौजूद रहे। शर्मा ने बताया कि यह कोई राजनीतिक मंच नही है। वह शहरवासी होने
के नाते व पीड़ित परिवार को इंसाफ की लड़ाई में शामिल होने पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि शहर में अपराध बढ़ते जा रहे हैं, वह पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट हैं।
लोगों को हुई परेशानी
वहीं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे जक बाजार बंद के कारण ड्यूटी पेशा लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। दुकानें बंद रहने के कारण लोगों को रोजमर्रा के इस्तेमाल में प्रयोग होने वाली वस्तुएं समय पर नहीं मिल सकीं।
आरोपी इनोवा चालक सात दिन के पुलिस रिमांड में
कालका। कालका में ज्वेलर्स की दुकान में हत्या और लूट के मामले में पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी इनोवा कार चालक जगदीश को सीआईए-2 ने वीरवार को कालका कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने अदालत से 10 दिन की रिमांड की मांग की थी, लेकिन अदालत ने आरोपी को सात दिन के लिए पुलिस रिमांड में भेज दिया। उल्लेखनीय है कि बुराड़ी (दिल्ली) का रहने वाले आरोपी जगदीश को सीआईए-2 की टीम ने दिल्ली के सुंदरपुरी इलाके से गिरफ्तार किया था। जानकारी देते हुए सीआईए-2 के इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी इनोवा चालक को कालका कोर्ट में पेश किया गया, उसका सात दिन का पुलिस रिमांड मिला है।