चंडीगढ़। इंडोनेशिया और सिंगापुर जाने से पूर्व बुकिंग का झांसा देकर महिला समेत दो लोगों ने सेक्टर-29 निवासी विकास अग्रवाल से एक लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों में मनीमाजरा के एससीओ नंबर-907 के फर्स्ट फ्लोर पर ओहो ट्रेवल सर्विस नाम से कारोबार कर रहे गौरव गोयल और नीतू गोयल हैं।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उनके इंडोनेशिया और सिंगापुर जाने से पूर्व बुकिंग के लिए उनसे एक लाख रुपये बतौर एडवांस चेक के जरिए लिए थे। आरोपियों ने यह चेक बीते वर्ष फरवरी के पहले सप्ताह में लिए थे। अप्रैल 2018 के दूसरे सप्ताह में विकास अग्रवाल को सोशल मीडिया के माध्यम से पता लगा कि ओहो ट्रेवल कंपनी फ्रॉड है। इसके तुरंत बाद वह कंपनी के मनीमाजरा स्थित उक्त पते पर गए तो ऑफिस बंद मिला। पुलिस ने मामले में कानूनी राय लेने के बाद केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।